पलवल: पुलिस थाने में युवक की मौत,नहीं हुआ पोस्टमार्टम
पलवल, 23 जुलाई (हि.स.)। उटावड़ थाना हवालात में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कई घंटे बीत जाने के बावजूद शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस हिरासत में हुई मौत होने के कारण नियमानुसार मजिस्ट्रेट जांच और न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाना है। मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक आवश्यक अर्जी नहीं दिए जाने के कारण प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
मिली जानकारी के अनुसार मलाई गांव निवासी 25 वर्षीय सैफ पुत्र नुरुद्दीन का शव गुरुवार सुबह उटावड़ थाने की हवालात में फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार युवक को चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसने रात में ओढ़ने के लिए दी गई चादर को फाड़कर उसकी पट्टी से फंदा बनाया और हवालात की छत के पास लगे एंगल से लटक गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई और फोटोग्राफर को अस्पताल बुलाया गया, लेकिन परिजनों की अर्जी नहीं मिलने के कारण पोस्टमार्टम शुरू नहीं हो सका।
उटावड़ थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने गुरूवार को जानाकारी देते हुए बताया कि पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामलों में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अर्जी मिलने के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद जिला नागरिक अस्पताल में दिनभर पुलिस की मौजूदगी रही और मामले पर सभी की नजरें टिकी रहीं। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले की सच्चाई मजिस्ट्रेट जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग