पलवल: वारदात की फिराक में घूम रहा युवक अवैध देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार

 


पलवल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ हथीन की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ शहर थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी तेजपाल सिंह ने गुरूवार को बताया कि उनकी टीम अपराध रोकथाम एवं गश्त के दौरान पंचवटी चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कानूगो मोहल्ला निवासी विनय अवैध देसी पिस्टल लेकर पलवल-हथीन रोड पर घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत पलवल-हथीन रोड पर नाकाबंदी कर बताए गए हुलिए के युवक को रोककर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान कानूगो मोहल्ला निवासी विनय के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस द्वारा लाइसेंस अथवा अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शहर थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अवैध हथियार किस व्यक्ति से खरीदा या प्राप्त किया था तथा उसका उद्देश्य क्या था। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है और वह पहले किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग