पलवल : शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 30 लाख की ठगी
पलवल, 09 सितंबर (हि.स.)। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी एक महिला से 30 लाख नौ हजार 510 रुपये ठग लिए। ठगों ने महिला को वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाया और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवा ली। पैसे निकालने का प्रयास करने पर जब ठगों ने बहाने बनाकर रकम वापस नहीं की तो महिला को ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मनीषा कुमारी ने शिकायत में बताया कि साइबर ठगों ने उन्हें ‘मार्केट इंटेलिजेंस’ नामक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। ग्रुप में ठगों ने खुद को एक अंतरराष्ट्रीय ग्रुप से जुड़ा हुआ बताया और शेयर बाजार में निवेश पर बेहतर रिटर्न का लालच दिया।
आरोपितों ने महिला को ‘निफ्टी पीडब्ल्यूएम’ नाम का फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद शेयर खरीदने के नाम पर महिला से अलग-अलग कंपनियों के खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए गए। महिला ने 26 अगस्त से चार सितंबर के बीच कुल 30 लाख नौ हजार 510 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
महिला ने सात सितंबर को निवेश की गई रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपितों ने विभिन्न बहाने बनाकर पैसे निकालने से रोक दिया। इसके बाद महिला को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। उसने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मिलने वाले अनजान वाट्सएप ग्रुप, लिंक और ट्रेडिंग एप से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति के कहने पर बिना सत्यापन के खाते में रकम ट्रांसफर न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग