पलवल : मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा : खड़े वाहन से टकराया ट्रक, चालक की मौत

 

पलवल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले में मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर खड़े एक वाहन से ट्रक जा टकराया। पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी गीतम सिंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई दीपक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गीतम सिंह ट्रक चालक था और 29 मार्च को गुजरात से गाजियाबाद के लिए माल लेकर निकला था। मंगलवार को जब ट्रक पलवल के निकट अकबरपुर नाटौल गांव क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर पहुंचा, तो वह सड़क पर खड़े एक वाहन से टकरा गया। बताया जा रहा है कि खड़े वाहन का चालक बिना किसी चेतावनी संकेत या सुरक्षा इंतजाम के सड़क पर टायर बदल रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई विजेंद्र के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग