पलवल : उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता: विक्रम सिंह
पलवल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा है कि उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विक्रम सिंह पलवल स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुधवार को आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में निगम के परिचालन और प्रशासनिक कार्यों, राजस्व सुधार, लाइन लॉस में कमी और उपभोक्ता सेवा गुणवत्ता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने बिलिंग दक्षता, एटी एंड सी हानियां, बकाया राशि की वसूली, डिस्कनेक्ट उपभोक्ताओं से रिकवरी, बिजली चोरी की रोकथाम और न्यायालयीन मामलों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने ‘मेरा गांव जगमग गांव’ और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति का भी आंकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस अधिक है, वहां विशेष कार्य-योजना बनाकर सुधार किया जाए। उन्होंने मीटर बॉक्स की अनुचित स्थापना, असुरक्षित लाइनों और खंभों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में 11 केवी और 33 केवी फीडरों की ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन की स्थिति की समीक्षा करते हुए बार-बार बाधित होने वाले फीडरों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा । साथ ही क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, बिजली दुर्घटनाओं की रोकथाम और उपकरणों के नियमित रखरखाव पर जोर दिया गया।
इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोलर पैनल वेंडर्स के साथ भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान योजना में आ रही समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में निदेशक (ऑपरेशन) विपिन गुप्ता, मुख्य अभियंता अनिल शर्मा, वीके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता रंजन राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग