पलवल: मरीज को देखने जा रही स्टाफ नर्स की सड़क हादसे में मौत

 

पलवल, 12 मई (हि.स.)। पलवल जिले के बहीन थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार स्टाफ नर्स की मौत हो गई। हादसा कोट गांव के पास उस समय हुआ जब वह निजी क्लीनिक में मरीज को देखने जा रही थीं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान होडल के सैनी नगर निवासी रूबी सैनी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, रूबी सैनी अपनी स्कूटी से कोट गांव स्थित एक निजी क्लीनिक जा रही थीं। जैसे ही वह क्लीनिक के नजदीक पहुंचीं, पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई। हादसे में रूबी सैनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर उनके पति राजेश सैनी मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बहीन थाना पुलिस ने राजेश सैनी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग