पलवल: नाले में गिरी स्कॉर्पियो,युवक की मौत

 

पलवल, 23 जुलाई (हि.स.)। पलवल जिले के हथीन मोड़ के पास देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में नई स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा की सहायता से वाहन को नाले से बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासी वाहिद और विजय ने अपनी जान जोखिम में डालकर कीचड़ और गंदे पानी से भरे नाले में उतरकर पत्थर से स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकालने में मदद की। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान गेलपुर निवासी 35 वर्षीय कुलदीप पुत्र रघुनाथ सिंह के रूप में हुई है। वह विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो बच्चों को छोड़ गया है। मृतक के भाई तेजल ने बताया कि कुलदीप अपने दोस्तों के साथ किसी काम से हथीन गया था। लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया। कुलदीप परिवार में सबसे छोटा भाई था। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए।

जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर गांव गेलपुर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग