पलवल : खुले सीवर ने ली चार साल की मासूम की जान
पलवल, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित गांधी कॉलोनी में सोमवार देर रात खुले सीवर में गिरने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान दीपांशी के रूप में हुई है। वह एलकेजी कक्षा में पढ़ती थी। जिस सीवर में बच्ची गिरी, उस पर काफी समय से ढक्कन नहीं लगा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बच्ची के पिता भारत ने मंगलवार काे बताया कि सोमवार रात को दीपांशी अचानक घर के आसपास से लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करने के बाद स्वजन को आशंका हुई कि कहीं बच्ची खुले सीवर में तो नहीं गिर गई। इसके बाद सीवर की जांच की गई तो दीपांशी उसके अंदर मिली। परिजन बच्ची को तत्काल जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सीवर में गिरने के दौरान बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष है। स्थानीय निवासी देवेंद्र, बीरू और डालचंद ने बताया कि गांधी कॉलोनी के रास्ते पर कई सीवर खुले पड़े हैं। इन खुले सीवरों को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद ढक्कन नहीं लगाए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले सीवर बच्चों और राहगीरों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। उनका आरोप है कि यदि समय रहते सीवर पर ढक्कन लगा दिया जाता तो शायद दीपांशी की जान बच सकती थी। लोगों ने बताया कि हादसे के कई घंटे बाद तक भी सीवर को सुरक्षित नहीं किया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ही पत्थर रखकर उसे अस्थायी रूप से ढकने का प्रयास किया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में खुले पड़े सभी सीवरों को तत्काल ढकवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग