पलवल में अवैध पटाखा बनाने के नेटवर्क का भंडाफोड़, 1.72 लाख पटाखा माचिस बरामद
पलवल, 17 सितंबर (हि.स.)। पलवल पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांदहट क्षेत्र के गांव घाघोट में अवैध रूप से पटाखे बनाने और पैक करने के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन मकानों पर छापेमारी कर 360 पेटियों में 1,72,800 पटाखा माचिस बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
थाना चांदहट प्रभारी निरीक्षक भगवान ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त और अपराध तलाश के दौरान कटेसरा गांव के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घाघोट निवासी लियाकत, जहीर और सकुर, तीनों पुत्र फजरुदीन, बिना लाइसेंस और परमिट के अपने-अपने मकानों में अवैध रूप से पटाखे यानी कलर माचिस बनाने और पैक करने का काम कर रहे हैं। टीम को देखकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपियों के मकानों की तलाशी ली। इस दौरान लियाकत के मकान से 124 पेटी, जहीर के मकान से 139 पेटी और सकुर के मकान से 97 पेटी पटाखे बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, कुल 360 पेटियों में प्रत्येक पेटी में 48 बॉक्स और प्रत्येक बॉक्स में 10 माचिस थीं। इस हिसाब से कुल 17,280 बॉक्स और 1,72,800 पटाखा माचिस बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया। पुलिस ने लियाकत, जहीर और सकुर के खिलाफ थाना चांदहट में विस्फोटक अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग