पलवल : तिरंगा यात्रा में तेज धूप से दर्जनभर से अधिक बच्चे बेहोश, अस्पताल पहुंचाया
पलवल, 13 अगस्त (हि.स.)। तिरंगे के सम्मान में गुरुवार को पलवल में निकली विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ा दी। यात्रा में शामिल दर्जनभर से अधिक बच्चे गर्मी के कारण अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही शिक्षकों ने अस्पताल पहुंचकर उनके अभिभावकों को फोन कर बुलाया और बच्चों का हाल जाना।
हरियाणा के खेल एवं युवा सशक्तिकरण मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में पुलिस लाइन से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में करीब पांच किलोमीटर लंबा और 10 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा शामिल रहा। यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और देशभक्ति के नारों के साथ स्वागत किया। करीब 20 स्थानों पर यात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। तेज धूप में लंबे समय तक खड़े रहने और यात्रा में शामिल होने के कारण स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ना आयोजन का गंभीर पहलू रहा। कई बच्चे चक्कर आने के बाद गिर पड़े। शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को संभाला और जरूरत के अनुसार अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद शिक्षकों ने बच्चों के माता-पिता को सूचना दी, जिसके बाद अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे।
यात्रा में स्कूली बच्चों के अलावा युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, व्यापारी और सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर गूंजता रहा। विशाल तिरंगे के साथ उमड़ी भीड़ ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा में शामिल नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों का आभार जताया। यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस ने यातायात व सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. जितेंद्र छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, नगर आयुक्त मनीषा शर्मा और एसडीएम भूपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग