पलवल : छांयसा में स्वास्थ्य विभाग की रेड, दो अवैध क्लीनिक सील, झोलाछाप डॉक्टरों पर केस दर्ज

 

पलवल, 03 मार्च (हि.स.)। जिले के छांयसा गांव में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फर्जी क्लीनिकों पर छापेमारी की। हेपेटाइटिस के बढ़ते मामलों को देखते हुए गठित टीम ने दो झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं और चिकित्सा उपकरण जब्त किए गए।

हथीन सरकारी अस्पताल के एसएमओ व ड्यूटी मजिस्ट्रेट डॉ. संजय शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम में डॉ. गजय सिंह और डॉ. इम्तियाज खान शामिल रहे। पुलिस बल के साथ टीम ने मंगलवार को छांयसा गांव में दबिश दी और झोलाछाप डॉक्टर करीम तथा नूंह जिले के भंडगा निवासी सरफराज के क्लीनिकों की जांच की।

पहली कार्रवाई सरफराज के क्लीनिक पर की गई, जहां न तो कोई बोर्ड मिला और न ही दीवार पर वैध डिग्री या डिप्लोमा प्रदर्शित था। क्लीनिक में बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान बीपी मशीन, नेबुलाइजर, स्टेथोस्कोप, सर्जिकल कैंची सहित 31 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं और इंजेक्शन बरामद हुए। मरीजों का रिकॉर्ड दर्ज रजिस्टर भी टीम ने कब्जे में ले लिया।

इसके बाद टीम ने करीम के क्लीनिक पर छापा मारा। यहां भी बिना किसी वैध डिग्री या लाइसेंस के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। क्लीनिक पर न तो कोई पंजीकरण प्रमाणपत्र मिला और न ही साफ-सफाई व बायोवेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था। मौके से भारी मात्रा में दवाएं, बीपी मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर सहित अन्य मेडिकल उपकरण जब्त कर सील किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ लोगों की जान जोखिम में डालने और बिना वैध अनुमति के क्लीनिक संचालित करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग