पलवल : खेत में मृत मिले पांच राष्ट्रीय पक्षी मोर

 

पलवल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के हथीन क्षेत्र के अकबरपुर नाटोल गांव में खेत में पांच राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन्य जीव विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध गेहूं के नमूने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मोरों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

वन्य जीव निरीक्षक राकेश की रजत शिकायत पर हथीन थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन्य जीव विभाग की टीम ने सभी मृत मोरों का मिंडकोला के पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वन्य जीव निरीक्षक राकेश ने बताया ने कि उन्हें मिंडकोला पुलिस चौकी में तैनात एएसआई संजय से सूचना मिली थी कि अकबरपुर नाटोल गांव के जंगल क्षेत्र में पांच मोर मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत मोरों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।

ग्रामीण धर्मपाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव के जंगल स्थित एक खेत में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा धान की पौध लगाई गई है। उनकी आशंका है कि पौध के साथ जहरीला गेहूं भी खेत में डाला गया था। संभव है कि उसी गेहूं को खाने से पांचों मोरों की मौत हुई हो। पुलिस ने खेत से मिले संदिग्ध गेहूं के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जहरीले पदार्थ के प्रयोग की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग