पलवल में किसान की गाेली मारकर हत्या
पलवल, 21 अगस्त (हि.स.)। चांदहट थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव में खेत पर गए 50 वर्षीय किसान लक्ष्मण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव खोर के नंगला से बढ़राम की ओर जाने वाले खेत के रास्ते पर पड़ा मिला। मृतक के सीने पर गोली लगने का निशान था, जबकि छाती और कान के पास खून लगा हुआ था। घटनास्थल पर शव के पास एक महिला का आधार कार्ड मिलने से मामले की जांच और भी गंभीर हो गई है। पुलिस ने एक महिला समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अलावलपुर निवासी लक्ष्मण सिंह गुरुवार दोपहर अपने खेत पर गया था। बताया गया है कि उसके साथ खेतों में काम करने वाला एक सहायक, गांव का एक पड़ोसी तथा कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। सभी ने खेत पर बने कोठड़े में होटल से खाना मंगवाकर खाया था। इसके बाद देर शाम सभी ने मिलकर शराब भी पी थी। शुक्रवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि लक्ष्मण सिंह का शव खोर के नंगला से बढ़राम की ओर जाने वाले खेत के रास्ते में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो लक्ष्मण सिंह मृत अवस्था में मिला। उसके सीने पर गोली लगने का निशान था। छाती और कान के पास खून लगा हुआ था, जबकि पैरों पर चोट के निशान भी पाए गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक महिला का आधार कार्ड मिला। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आधार कार्ड वहां कैसे पहुंचा और मृतक की हत्या से इसका कोई संबंध है या नहीं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
थाना चांदहट के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में गोली सीने पर बेहद नजदीक से मारे जाने की प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और गोली लगने की स्थिति की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने रामसखी नाम की महिला समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस मृतक के साथ खेत पर मौजूद लोगों के अलावा अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग