किठवाड़ी में मां-बेटी की निर्मम हत्या, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप; 4 महीने का बच्चा गायब
पलवल, 26 अप्रैल (हि.स.)।
हरियाणा के पलवल जिले के किठवाड़ी गांव में रविवार को बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 26 वर्षीय महिला मिथिलेश और उसकी करीब 4 वर्षीय मासूम बेटी मुकरी की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात के बाद आरोपी परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और रोष का माहौल है। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोसियों को घर के भीतर असामान्य स्थिति नजर आई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने देखा कि मां-बेटी के शव घर के फर्श पर पड़े हुए थे। दोनों के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिकिशन ने रविवार को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सीआईए यूनिट को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मामले में मृतका के पति धर्मवीर उर्फ धर्म, ससुर दयाचंद, देवर, दो ननद और सास सहित कई लोगों के नाम सामने आए हैं। वारदात के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था और सभी आरोपी फरार पाए गए हैं।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां रामभतेरी और बहन के अनुसार ससुराल वाले लंबे समय से 2 एकड़ जमीन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मिथिलेश को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि मिथिलेश का करीब चार महीने का बेटा भी आरोपियों के साथ गायब है। बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि मिथिलेश की हत्या के पीछे आरोपियों की मंशा दूसरी शादी कर दहेज हासिल करने की थी। उन्होंने पहले भी एक माह की बच्ची की हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने इस मामले में जांच की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। इस दर्दनाक घटना ने न केवल पलवल बल्कि आसपास के इलाकों को भी झकझोर कर रख दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग