पलवल : खाना नहीं दिया को ढाबे के कारिंदा को स्कॉर्पियो से कुचलकर मार डाला
पलवल, 22 जून (हि.स.)। पलवल के रसूलपुर चौक स्थित एक ढाबे पर खाना न मिलने से नाराज दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। मारपीट के बाद एक युवक ने स्कॉर्पियो गाड़ी से ढाबा कर्मचारी को दो बार कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में ढाबा संचालक सहित अन्य कर्मचारी भी घायल हुए हैं। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोहना रोड निवासी ढाबा संचालक विपिन दयाल उर्फ राजा ने बताया कि देर रात वह अपना रॉयल ढाबा बंद कर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार भमरोला जोगी निवासी पालेंद्र उर्फ पाले और रसूलपुर रोड निवासी गौरव वहां पहुंचे। दोनों ने ढाबा बंद होने के बावजूद खाना परोसने की मांग की।
विपिन के मना करने पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने ढाबा संचालक तथा बिहार निवासी कर्मचारी रंजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पालेंद्र ने स्कॉर्पियो गाड़ी दो बार रंजीत के ऊपर चढ़ा दी।
हादसे में रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी रीढ़ की हड्डी, कमर तथा हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान ढाबे पर मौजूद कर्मचारियों राजकुमार, शत्रु, मनोज और जितेंद्र ने बीच-बचाव किया तथा घायल रंजीत और विपिन दयाल को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान रंजीत की मौत हो गई।
शहर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग