पलवल : नागरिक अस्पताल में लापरवाही पर सख्त हुए उपायुक्त, बोले- स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त

 


पलवल, 23 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने गुरुवार को जिला नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की समयबद्ध उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ सहित चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उपचार के दौरान मरीजों से सौम्य एवं मधुर व्यवहार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, ओपीडी, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन कक्ष, अन्नपूर्णा रसोई, फिजियोथेरेपी यूनिट, डीईआईसी, काउंसलिंग रूम, जच्चा-बच्चा वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, आयुष विभाग तथा वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और ओपीडी पर्चियों की भी जांच की।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि चिकित्सक एवं कर्मचारी सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराने के बाद ही छुट्टी पर जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही औषधि केंद्र पर उपलब्ध सभी दवाइयों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए, जिससे मरीजों को दवा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. रामेश्वरी देवी सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग