पलवल के गदपुरी में आईटीआई खोलने की मांग सदन में उठी

 


पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। पृथला विधानसभा क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के विस्तार को लेकर कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में गदपुरी गांव में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) स्थापित करने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा रखते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विधायक तेवतिया ने कहा कि हरियाणा सरकार की नीति के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक में एक आईटीआई स्थापित की जानी है, लेकिन पृथला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले 36 गांवों में अभी तक एक भी आईटीआई नहीं है। उन्होंने बताया कि गदपुरी गांव नेशनल हाईवे-19 पर स्थित है, जो इस दृष्टि से उपयुक्त स्थान है। ग्राम पंचायत द्वारा आईटीआई निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव भी पास किया जा चुका है।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गदपुरी में आईटीआई स्थापित कर क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। तेवतिया ने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। इस पर हरियाणा सरकार की ओर से राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि यदि ग्राम पंचायत 33 वर्ष के लिए 1 रुपये की लीज पर 5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराती है, तो सरकार गदपुरी में आईटीआई स्थापित करने के लिए तैयार है।

विधानसभा सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि वे भले ही विपक्ष में हैं, लेकिन जनता के हितों के मुद्दे उठाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग को लगातार उठाते रहेंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की कि इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि पृथला क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग