पलवल: हिंदू नव वर्ष व चैत्र नवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे
पलवल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते नजर आए। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे वातावरण में “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं ने गुरूवार को विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई भक्तों ने नवरात्रि के उपलक्ष्य में व्रत भी रखा और मंदिरों में दीप जलाकर मां का आशीर्वाद लिया। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
भागवत किंकर व्यास वासुदेव श्री कृष्ण जी महाराज ने बताया कि नवरात्रों का विशेष धार्मिक महत्व है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन और विधि-विधान से की गई पूजा से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
श्रद्धालु संतोष गर्ग ने बताया कि नवरात्रों की पूजा के लिए कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। घरों और मंदिरों में साफ-सफाई, सजावट और पूजा सामग्री की व्यवस्था पहले ही कर ली जाती है, ताकि पूरे विधि-विधान के साथ पूजा की जा सके। उन्होंने कहा कि यह पर्व श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है।
भक्त सरोज गर्ग ने भी बताया कि चैत्र नवरात्रि हिंदू नव वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है और यह पर्व नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग लेकर आता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान पूरे परिवार में खुशी का माहौल रहता है और लोग मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए पूरी श्रद्धा से पूजा करते हैं।
नवरात्रि के पहले दिन से ही जिले में धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया है, जो पूरे नौ दिनों तक जारी रहेगा। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग