गुरुग्राम कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में पलवल कनेक्शन, असावटा निवासी के नाम पंजीकृत है कार

 


पलवल, 15 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक सवार महिला को कार से टक्कर मारने के मामले का पलवल कनेक्शन सामने आने के बाद देर रात तक जिले में गहमागहमी रही। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल मारुति सुजुकी सियाज कार असावटा गांव निवासी मनीष कुमार के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस कार के पंजीकृत मालिक तक पहुंची तो सामने आया कि मनीष का परिचित कल्याण बैंसला शनिवार को कार मांगकर ले गया था। मनीष के स्वजन के अनुसार, सोमवार को उन्हें पता चला कि उनकी कार से गुरुग्राम में हादसा हुआ है। मनीष के पिता ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने कार देने से मना किया था, लेकिन मनीष के कहने पर उसे अपने दोस्त को कार देने के लिए तैयार हुए थे। बताया गया कि कल्याण बैसला कबड्डी का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुका है और वर्तमान में जिम संचालित करने के साथ प्रशिक्षक के तौर पर काम करता है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद आशापुर के नजदीक स्थित टिकरी गुर्जर गांव में भी देर रात तक हलचल रही। पुलिस कल्याण बैसला की तलाश में उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। स्वजन के भी घर पर नहीं होने की बात सामने आई। ग्रामीणों में पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा बनी रही। ग्रामीणों ने कल्याण को मिलनसार और अच्छा खिलाड़ी बताते हुए कहा कि गांव में उसका व्यवहार सभी के साथ अच्छा रहा है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

दिल्ली के कालकाजी निवासी बाइक सवार महिला ने घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है। महिला के अनुसार, वह रविवार को अपने बाइकिंग समूह के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की सियाज कार उनके पास आई और कार सवारों ने कथित तौर पर बदसलूकी की। महिला का कहना है कि इसके बाद उसने गति बढ़ा दी और कार से आगे निकल गई। कुछ देर बाद कार ने ओवरटेक करते समय उसकी बाइक को टक्कर मार दी। महिला सड़क पर गिर गई और बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। उसने सुरक्षा उपकरण पहन रखे थे, जिसके कारण उसे हल्की चोटें आईं। कल्याण बैसला के अधिवक्ता नवीन बैंसला ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर यह सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है। यदि किसी स्तर पर गलती हुई है तो उसके लिए वे क्षमा चाहते हैं। उधर, आरोपी के संभावित न्यायालय में आत्मसमर्पण को लेकर भी चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग