पलवल : अवैध पनीर फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग का छापा, 1200 किलो पनीर जब्त
पलवल, 23 जुलाई (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग की टीम ने हथीन उपमंडल के गांव भीमसीका स्थित एक अवैध पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब 1200 किलो तैयार पनीर जब्त किया है। फैक्ट्री बिना संबंधित विभागों की अनुमति के संचालित की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए पनीर के नमूने भी लिए हैं। डीएसपी विवेक चौधरी के निर्देशन में सीएम फ्लाइंग फरीदाबाद की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश वर्मा के साथ गुरूवार को भीमसीका गांव स्थित रोजेदार डेयरी पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्ट्री में छह से सात कर्मचारी पनीर तैयार करते मिले। मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार पनीर रखा हुआ था, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री संचालक आजाद ने बिना किसी वैधानिक अनुमति के बॉयलर स्थापित कर रखा था। इसके अलावा इकाई के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति और अन्य आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां भी नहीं थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। साथ ही संबंधित विभागों ने नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम फ्लाइंग टीम ने छापेमारी के दौरान मौके पर मिले संदिग्ध एवं अनुपयोगी खाद्य पदार्थों को जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर नष्ट कराया, ताकि उनका दोबारा उपयोग न हो सके। मामले में संबंधित विभागों द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग