पलवल : अलीगढ़ रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
पलवल, 20 अगस्त (हि.स.)। शहर के अलीगढ़ रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव अकबरपुर डकौरा निवासी महेश अपने भाई राजबीर सिंह के साथ पलवल से गांव लौट रहा था। राजबीर बाइक पर आगे चल रहा था, जबकि महेश उसके पीछे आ रहा था। महेश ने गुरूवार को बताया कि चौधरी टिम्बर के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने राजबीर की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राजबीर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका हेलमेट दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। महेश ने ट्रैक्टर के फोटो लेकर पुलिस को सूचना दी। राजबीर को एंबुलेंस से पलवल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग