पलवल : डिजिटल प्रदूषण से बचें, स्क्रीन टाइम सीमित रखें: हरीश कुमार वशिष्ठ

 


पलवल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विद्यार्थियों और युवाओं से मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी का उपयोग सीमित करने का आह्वान करते हुए कहा कि तकनीक का संतुलित प्रयोग ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रदूषण आज समाज में गंभीर समस्या बन चुका है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम से आंखों पर दुष्प्रभाव, सिरदर्द, नींद की कमी, तनाव और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा बच्चों के सामाजिक व्यवहार, भावनात्मक संतुलन और पारिवारिक संवाद पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन मोबाइल और कंप्यूटर के उपयोग के लिए निश्चित समय तय करें और पढ़ाई के दौरान हर 30 से 40 मिनट बाद आंखों को आराम दें।

मंगलवार को एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल, पलवल के विद्यार्थियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर ‘डिजिटल प्रदूषण एवं उसके बच्चों, परिवारों एवं समुदाय पर प्रभाव’ विषय पर किए गए फील्ड रिसर्च की जानकारी दी। इस शोध में कक्षा 5 से 11 तक के 205 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 125 विद्यार्थी कक्षा 5 से 8 तथा 80 विद्यार्थी कक्षा 9 से 11 के शामिल रहे।

विद्यार्थियों ने सर्वेक्षण, साक्षात्कार और समूह चर्चा के माध्यम से डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के प्रभावों का अध्ययन किया। शोध में संतुलित डिजिटल उपयोग, पारिवारिक सहभागिता और खेलकूद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि तकनीक आज की आवश्यकता है, लेकिन उसका सीमित और संतुलित उपयोग ही बच्चों के स्वस्थ, सकारात्मक और सफल भविष्य का आधार बन सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग