पलवल : लगातार बारिश के बीच होडल की प्राचीन कचहरी भवन का हिस्सा ढहा
पलवल, 08 अगस्त (हि.स.)। अंधुआ पट्टी में स्थित प्राचीन कचहरी भवन का एक हिस्सा शनिवार को बारिश के कारण ढह गया। भवन का हिस्सा गिरने से आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मलबे की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। स्थानीय लोगों ने भवन के अन्य हिस्सों की जर्जर हालत को देखते हुए किसी बड़े हादसे की आशंका जताई है।
स्थानीय निवासी रमेशचंद, अजीत सिंह सहित अन्य लोगों के अनुसार प्राचीन कचहरी भवन का निर्माण भरतपुर के महाराजा सूरजमल ने वर्ष 1785 में कराया था। यह भवन पुरातत्व विभाग के अधीन है। लोगों का कहना है कि भवन काफी समय से जर्जर हालत में है और इसकी स्थिति के बारे में विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक गिर गया। भवन के आसपास कई मकान बने हुए हैं, जिसके कारण लोगों को लगातार खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि जिस समय हिस्सा गिरा, उस समय बच्चे बारिश के कारण घरों के अंदर थे।
लोगों का आरोप है कि जर्जर भवन की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद पुरातत्व विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। भवन पर विभाग की ओर से नोटिस भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने पुरातत्व विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण करने, जर्जर हिस्सों को सुरक्षित कराने और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में भवन के कमजोर हिस्सों से खतरा और बढ़ गया है, इसलिए इस मामले में जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग