पलवल : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास हादसा, युवक की मौत
पलवल, 27 जुलाई (हि.स.)। नूंह रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि आलदौका गांव निवासी नरेंद्र कुमार ने शिकायत में बताया कि वह अपने भाई रामकिशन के साथ बाइक से मिंडकोला गांव जा रहे थे। जब वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आए एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे में नरेंद्र सड़क किनारे कच्चे हिस्से में जा गिरा, जबकि रामकिशन सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक कुछ दूरी पर रुका, लेकिन नरेंद्र के घायल भाई को संभालने के दौरान वह ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
बारात से लौट रहे ग्रामीणों की मदद से घायल रामकिशन को पहले मेडिकल कॉलेज नल्हड़ ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई नरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग