पलवल : बृज चौरासी कोस परिक्रमा के भंडारे में चक्की का पाट फटने से बुजुर्ग हलवाई की मौत

 

पलवल, 02 जून (हि.स.)। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव सौंध स्थित श्री लालदास बाबा मंदिर में मंगलवार काे बृज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान चल रहे भंडारे में एक दर्दनाक हादसा हो गया। आटा चक्की का पाट फटने से 60 वर्षीय हलवाई की मौत हो गई। मृतक के स्वजन ने गांव के सरपंच पर दबाव बनाकर चक्की चलवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव सौंध निवासी वेदराम ने बताया कि उनके पिता श्रीचंद पिछले करीब 30 वर्षों से हलवाई का कार्य कर रहे थे। इन दिनों वह श्री लालदास बाबा मंदिर में आयोजित भंडारे में प्रसाद बनाने की सेवा दे रहे थे। शिकायत के अनुसार गांव के सरपंच तुहीराम ने श्रीचंद को मंदिर में प्रसाद तैयार करने के लिए कहा था। प्रसाद बनाने का कार्य चल रहा था, तभी सरपंच ने उन्हें आटा चक्की चलाने के लिए कहा। वेदराम का आरोप है कि उनके पिता ने चक्की चलाने का अनुभव न होने की बात कहकर मना कर दिया, लेकिन इसके बावजूद उन पर दबाव बनाया गया। परिजनों का आरोप है कि दबाव में आकर श्रीचंद ने आटा चक्की चलाना शुरू किया। कुछ ही देर बाद चक्की का पाट अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। पाट के टुकड़े सीधे श्रीचंद को लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हादसे के समय चक्की मालिक मौके पर मौजूद नहीं था और सुरक्षा संबंधी पर्याप्त प्रबंध भी नहीं किए गए थे। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुंडकटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग