पलवल:नाबालिग से छेड़छाड़,मामला दर्ज

 

पलवल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले के हथीन थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का शर्मनाक मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर महिला थाने में चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी को गांव का स्वराज नामक युवक लगातार परेशान कर रहा था। एक फरवरी को दोपहर स्वराज ने घर के गेट पर खड़ी लड़की को गंदी नजरों से देखा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और धमकी दी कि किसी को बताया तो बदनाम कर देगा तथा परिवार को जान से मार देगा।

उसी दिन शाम स्वराज अपने तीन साथियों प्रेमराज, अनिल व देवीराम के साथ लौटा और फिर छेड़छाड़ की। पीड़िता ने बताया कि स्वराज स्कूल-दुकान जाते समय उसका पीछा करता है तथा अश्लील इशारे करता रहता है। पिता शिकायत करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर कुत्ता छोड़ दिया और कानूनी कार्रवाई पर जान से मारने की धमकी दी। महिला थाने की एसएचओ ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिलने पर पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग