पीएम मोदी के लिए दुल्हन की तरह सज रहा जींद
जींद, 11 जुलाई (हि.स.)। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम को छह दिन शेष रह गए हैं। नए बस स्टैंड के पास हाइवे पर चढऩे वाले सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है। इसके अलावा सफीदों रोड से हाइवे पर चढऩे वाले सर्विस रोड का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाइपास से होकर ही रेलवे जंक्शन तक जाने की योजना है। इसके अलावा वह शहर के बीचोंबीच से भी जंक्शन तक जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री के जंक्शन तक पहुंचने के तीन रुट हैं, इन तीनों ही रुटों पर बनी सड़कों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है ताकि प्रधानमंत्री किसी भी रूट से जाएं, वह सुरक्षित और जल्द जंक्शन तक पहुंच जाएं। नए बस स्टैंड से लेकर रेलवे जंक्शन तक मुख्य सड़क के साथ जो भी सरकारी भवन की दीवार लगती है, उस पर पेंटिंग की जा रही है। इसमें जो सरकारी भवन है, उसी के अनुसार स्लोगन लिखे जा रहे हैं व पेंटिंग की जा रही है। नागरिक अस्पताल की दीवार पर स्वास्थ्य से संबंधित स्लोगन लिखे जा रहे हैं। इसके अलावा इसी प्रकार की पेंटिंग भी की जा रही है।
अर्जुन स्टेडियम की दीवार पर खेल से संबंधित पेंटिंग की जा रही है और उसी के अनुसार स्लोगन लिखे जा रहे हैं। जनस्वास्थ्य विभाग की दीवारों पर पानी बचाने से लेकर स्वच्छ पानी पीने को लेकर स्लोगन लिखे जा रहे हैं। रेलवे जंक्शन के पास पार्क पर रेलवे से संबंधित पेंटिंग की जा रही है और स्लोगन लिखे जा रहे हैं। वहीं शहर के बीचोंबीच गोहाना रोड से लेकर नए स्टैंड के आसपास व रैली स्थल की तरफ जाने वाले सभी डिवाइडरों पर भी पेंट किया जा रहा है। गोहाना रोड के बीचोंबीच बने डिवाइडर पर भी नया पेंट किया जा रहा है। यहां पर जो बर्म बनी है, उस पर भी पेंट किया जा रहा है। सड़कों की मरम्मत का काम भी किया जा रहा है। जहां पर गड्डे थे, वहां पर नई सड़क बनाई जा रही है। डिवाइडर के बीच में लगे पौधों की भी छंटाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा