कैथल में किसानों की परेशानी सुन बोले पंवार, एमएसपी पर खरीदा जाएगा हर दाना
कैथल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। धान खरीद को लेकर मंडियों में किसानों को आ रही दिक्कतों के बीच विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को कैथल की अतिरिक्त अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने मंडी में फसल लेकर पहुंचे किसानों से सीधे बातचीत की और मौके पर धान की ढेरियों की नमी की जांच करवाई। किसानों ने खरीद में देरी और एक से अधिक मंडियों में चक्कर लगाने की परेशानी मंत्री के सामने रखी।
मंत्री ने अधिकारियों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों से मौके पर ही खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। एक ढेरी पर नमी की जांच कराने के बाद उन्होंने दूसरी ढेरी का स्वयं भी नमी मापक यंत्र से आकलन करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों पर खरा उतरने वाला धान खरीदने में अनावश्यक देरी न की जाए। उन्होंने तीनों खरीद एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ बराबर खरीद करने के निर्देश दिए।
पंवार ने बताया कि कैथल मंडी में 270 आढ़त की दुकानें हैं।
इनमें एक से 90 तक वेयरहाउस, 91 से 180 तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा 181 से 270 तक हैफेड द्वारा धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की ढेरी से ऊपर और नीचे से नमूने लेकर नमी की सही स्थिति बताई जाए, ताकि किसानों को खरीद प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि खरीद सीजन में किसान को परेशानी न हो और निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उसकी फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एसडीएम संजय कुमार को तीनों एजेंसियों की खरीद की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि खरीद प्रक्रिया में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि मंडी में धान लाने से पहले फसल को अच्छी तरह सुखाकर लाएं, ताकि नमी के कारण खरीद में परेशानी न हो। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, कृष्ण मित्तल, सोहन ढुल, जंगीर सिसला सहित अन्य पदाधिकारी, आढ़ती और किसान मौजूद
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे