धान छोड़ो-पानी बचाओ:किसानों को 10 हजार प्रति एकड़ तक प्रोत्साहन
फसल विविधीकरण पर हरियाणा सरकार का जोर
दलहन-तिलहन-कपास पर अतिरिक्त बोनस
चंडीगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में भूजल संरक्षण और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने किसानों को आर्थिक प्रोत्साहन देने का फैसला किया है। ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना के तहत धान छोडक़र वैकल्पिक फसलें अपनाने वाले पात्र किसानों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ मिलेंगे, जबकि दलहन, तिलहन और कपास उत्पादकों को 2,000 रुपये अतिरिक्त बोनस मिलेगा।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने राज्य में भूजल के गिरते स्तर को रोकने, मिट्टी की उपजाऊ क्षमता बनाए रखने और जलवायु-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए फसल विविधीकरण और जल संरक्षण को एक बेहद महत्वपूर्ण रणनीति बताया है। उन्होंने कहा कि लगातार धान और गन्ने जैसी अधिक पानी की खपत वाली मोनोकल्चर फसलों से इतर कम पानी वाली फसलों की ओर बढऩा पानी की कमी से जूझ रहे क्षेत्रों में कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए अत्यंत आवश्यक है। पानी जैसे बहुमूल्य और महंगे प्राकृतिक संसाधन के अत्यधिक दोहन को रोकने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई 'मेरा पानी मेरी विरासत' योजना एक अनोखी पहल है, जिसके तहत धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि योजना की शुरुआत में धान की जगह वैकल्पिक फसलें उगाने पर किसानों को 7,000 रुपये प्रति एकड़ की वित्तीय सहायता दी जाती थी। वहीं वर्तमान में, यदि कोई किसान पिछले 4 वर्षों के दौरान धान की खेती कर रहा था और अब वह धान छोडक़र अन्य फसलों—जैसे कि अनाज-मक्का, खरीफ दलहन (मूंग, अरहर/तूर, उड़द, मोठ), खरीफ तिलहन (मूंगफली, तिल, अरंडी), रेशेदार फसलें (कपास), खरीफ सब्जियां (प्याज), बागवानी, चारा फसलें और कृषि-वानिकी (यूकेलिप्टस और सफेदा)—की खेती करता है, या फिर भूमि को खाली (परती) भी छोड़ता है, तो उसे 8,000 रुपये प्रति एकड़ का लाभ दिया जा रहा है। श्याम सिंह राणा ने वर्तमान खरीफ 2026 सत्र की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लाभार्थियों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि के साथ-साथ दलहन, तिलहन और कपास की खेती करने वाले किसानों को 2,000 रुपये प्रति एकड़ का अतिरिक्त बोनस भी दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा