कैथल: धान सीजन से पहले मिलर्स की समस्याओं पर प्रशासन ने मांगा सहयोग
कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)। धान खरीदइ सब सीजन शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को लघु सचिवालय में मिलर्स और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से जिला स्तर से जुड़े मामलों के तत्काल समाधान के निर्देश डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को दिए।
डीसी ने मिलर्स से कहा कि धान की मिलिंग के लिए अपनी मिलों का पंजीकरण समय रहते करवा लें, ताकि खरीद सीजन शुरू होने के बाद किसी तरह की दिक्कत सामने न आए। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और अन्य खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को भी मिलर्स की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में मिलर्स की ओर से रखे गए जिला स्तर के मुद्दों पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मुख्यालय स्तर से जुड़े मामलों को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजने की बात कही गई। डीसी ने खरीद एजेंसियों को मंडियों में व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों से गेहूं के पुराने स्टॉक का भी नियमानुसार उठान करवाने के निर्देश दिए गए। एफसीआई अधिकारियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने तथा उठान के लिए आने वाले ट्रांसपोर्टरों के पास पर्याप्त संख्या में वाहन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ढांड अनाज मंडी के आढ़तियों की ओर से रखी गई मांग पर डीसी ने अदानी साइलो में धान के स्टॉक की अनुमति दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों, आढ़तियों, मिलर्स और खरीद एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित चीका, ढांड, पूंडरी और कलायत से आए मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान एडीसी डा. सुशील कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन बिश्नोई, डीएफएससी वीरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे