सोनीपत : फार्म हाउस में संचालक और महिला फंदे पर लटके मिले

 


सोनीपत, 17 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

के राठधाना रोड स्थित मुनमुन फार्म हाउस में शुक्रवार सुबह संचालक और एक महिला के शव

गेस्ट रूम में फंदे से लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों

को नीचे उतारकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शुरुआती जांच में

मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, जबकि महिला के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

है।

पुलिस

के अनुसार, मृतकों की पहचान फार्म हाउस संचालक सुमेश स्वामी (45) और दिलशान (35) के

रूप में हुई है। घटना की जानकारी तब मिली जब सुबह संचालक के बेटे मोहित ने फोन किया,

लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद वह फार्म हाउस पहुंचा। काफी आवाज लगाने पर भी जवाब

नहीं मिला तो उसने कमरे चेक किए। गेस्ट रूम में पहुंचने पर दोनों फंदे से लटके मिले।

बेटे

के अनुसार, उसने दोनों को बचाने की कोशिश में फंदे को आग लगाई, जिससे फंदा टूट गया और

दोनों नीचे गिर गए। उस समय तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए।

जांच

में सामने आया है कि गांव बैयापुर निवासी मोनू फार्म हाउस में टेंपो चलाता है। उसकी

पत्नी दिलशान शादी-विवाह कार्यक्रमों में कैटरिंग का काम करती थी और कभी-कभी फार्म

हाउस में भी काम करने आती थी। इसी दौरान उसकी पहचान संचालक से हुई थी। पुलिस दोनों

के बीच करीबी संबंधों की भी जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के

परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौके से शराब की बोतल, सिगरेट और कुछ पैसे बरामद हुए हैं।

एसीपी

मलकीत के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, घटनास्थल की जांच की

गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। महिला के परिजनों ने

आरोप लगाया है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया, जबकि पुलिस का कहना है कि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना