नूंह पुलिस ने बैंक सुरक्षा पर अशिकारियों से किया मंथन

 


नूंह, 25 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को बैंक सुरक्षा एवं पुलिस-बैंक समन्वय को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता नूंह मुख्यालय के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने की। बैठक में एलडीएम सहित जिले के सरकारी एवं निजी बैंकों के 50 से अधिक शाखा प्रबंधकों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान बैंक शाखाओं की सुरक्षा, एटीएम के रखरखाव, साइबर अपराध से संबंधित मामलों तथा पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंक खातों से जुड़े ग्राहकों के मोबाइल नंबर सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं बैंक के बीच त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बैंक शाखा में संबंधित थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा आपातकालीन नंबरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए।

जिले में नए थाने एवं पुलिस चौकियां स्थापित होने के कारण कई बैंकों के थाना क्षेत्र में बदलाव हुआ है। ऐसे में सभी बैंक प्रबंधकों के पास संबंधित नए थाना क्षेत्र के साथ-साथ जिला पुलिस मुख्यालय के संपर्क नंबर उपलब्ध होने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सके।

लोहान ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साइबर ठगी के मामलों में बैंक खातों को फ्रीज करने सहित कई तरह की कार्रवाई की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे मामलों में पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और तकनीकी जांच में सहयोग के लिए दोनों विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया