जींद : नगर परिषद सफाई कर्मियों ने फूंका सरकार का पुतला
जींद, 01 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा भवन चंडीगढ़ में बातचीत के लिए बुलाए गए यूनियन नेताओं के साथ कथित बदसलूकी और दुव्र्यवहार के विरोध में मंगलवार को नगरपालिका एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अंबेडकर चौक से नगर परिषद जींद के कार्यालय तक जुलूस निकाल कर भाजपा प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बातचीत के नाम पर यूनियन प्रतिनिधियों को बुला कर उनका अपमान करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार एक तरफ बातचीत का दिखावा करती है और दूसरी तरफ कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ दुव्र्यवहार किया जाता है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला और कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सोहनलाल तथा इकाई प्रधान बिजेंद्र कांगड़ा ने किया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतींए हड़ताल जारी रहेगी। सफाई कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और बेहतर कार्य परिस्थितियां हैं। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब वे अपने अधिकारों के लिए अंतिम संघर्ष करने को तैयार हैं। वहीं हड़ताल के कारण शहर की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि शहर को फिर से साफ.सुथरा बनाया जा सके। इस अवसर पर रिटायर्ड कर्मचारी नेता आजाद पांचाल, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के जिला सचिव पवन कुमार, इकाई सचिव जितेंद्र, संजय, बीरभान, बेदो, सतीश फायरमैन, सुमित्रा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा