हिसार के लुवास में डॉ. रविन्द्र बने कुलपति के ओएसडी
पशु चिकित्सा, प्रशिक्षण और प्रशासन का 15 वर्ष का अनुभव
डॉ. रविन्द्र के 28 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित
हिसार, 15 सितंबर (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय
(लुवास) में डॉ. रविन्द्र को कुलपति के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) की जिम्मेदारी
सौंपी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पशु चिकित्सा, प्रशिक्षण और प्रशासनिक कार्यों
में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति की है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने मंगलवार काे उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं
देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं
प्रशासनिक कार्यों को और मजबूती मिलेगी। डॉ. रविन्द्र ने लुवास से बीवीएससी एवं एएच
तथा एमवीएससी की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एमबीए (मानव संसाधन) और पीजीडीएडब्ल्यू
की पढ़ाई की है। वे हरियाणा सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में पशु चिकित्सक और
मुख्य प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर उन्होंने
प्रशासनिक अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और क्षेत्रीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।
उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रशासन के क्षेत्र में करीब 15 वर्ष का अनुभव है।
वे कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए भारत सरकार के साथ समन्वयक
अधिकारी भी रह चुके हैं। उनके समन्वय में हरियाणा पशु चिकित्सा प्रशिक्षण संस्थान ने
ए+ ग्रेड के साथ देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया था। उन्होंने नवनियुक्त पशु चिकित्सकों
के प्रारंभिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी सेवाएं
दी हैं।
डॉ. रविन्द्र लुवास की शैक्षणिक गतिविधियों से भी लंबे समय से जुड़े हैं और
विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के सदस्य हैं। उन्हें उद्यमिता
और डेयरी क्षेत्र से जुड़े विषयों पर व्याख्यान के लिए भी आमंत्रित किया जाता रहा है।
उनके नाम 28 से अधिक शोध पत्र, समीक्षा लेख एवं अन्य शोध आलेख हैं। उन्होंने छह पुस्तक
अध्याय लिखे हैं तथा सात पुस्तकों के संपादन में योगदान दिया है। वे कई राष्ट्रीय एवं
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी
निभा चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि डॉ. रविन्द्र अपने अनुभव
और विशेषज्ञता से लुवास की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर