हिसार : राजकीय महाविद्यालय मंगाली में हुई चौथी वार्षिक खेल प्रतियोगिता

 


पुरुष वर्ग में दिवेश और महिला वर्ग में काफी बनीं बेस्ट एथलीट

विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय मंगाली में चौथी वार्षिक खेल

प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं धूमधाम के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों

ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्राचार्या प्रो.

डॉ. अंजू चौधरी के मार्गदर्शन में हुई प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में

खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुरुष वर्ग में दिवेश तथा महिला वर्ग

में काफी को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सरपंच जोगिंदर सिंह के स्वागत के साथ

हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति

में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खेल न केवल

शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में संघर्ष करने और सफलता

हासिल करने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को अपने जीवन

का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय में आयोजित इस एथलेटिक मीट में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर

दौड़, शॉटपुट तथा लंबी कूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला वर्ग की

विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं और लंबी कूद में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि

शॉटपुट में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया। वहीं, पुरुष वर्ग की सभी

स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह,

खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी एवं मुख्य अतिथि जोगिंदर

सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मीडिया प्रभारी, डॉ. कमलप्रीत कौर ने शुक्रवार काे बताया कि खेल प्रतियोगिता के दौरान मंच

संचालन ज्योति बेनीवाल एवं प्रियंका बॉस ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एथलेटिक

मीट प्रभारी मनदीप कुमार एवं सुधीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त श्रीमती

मीनू, श्रीमती सीमा, रवि, दीपक और हिमांशु ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर