हिसार : कार्यकारी अभियंता को तुरंत बहाल किया जाए : अजीत फौजी
हरियाणा पब्लिक हेल्थ कर्मचारी संघ की बैठक का
आयोजन
हिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ से
संबंधित हरियाणा पब्लिक हेल्थ कर्मचारी संघ की बैठक शाखा अध्यक्ष सुरेश लाम्बा की अध्यक्षता
में हुई। बैठक का संचालन शाखा सचिव संदीप कुमार ने किया। बैठक में विभाग के कर्मचारियों
की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई और भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर 25 फरवरी को
उपायुक्त कार्यालय पर होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला अध्यक्ष अजीत फौजी ने साेमवार काे बैठक को संबोधित करते
हुए बताया कि हरियाणा सरकार ने बदले की भावना से कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार व मिलनसार कार्यकारी
अभियंता बलविंद्र नैन को निलंबित कर दिया है। संगठन इस फैसले की कड़ी निंदा करता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के पास फोन करने की समय सीमा होती है।
बिना किसी आपात स्थिति के कार्यकारी अभियंता को रात्रि 11 बजे फोन कर अभद्र भाषा का
प्रयोग किया गया और मंत्री ने निलंबित करने की धमकी को पूरा किया। उन्होंने कहा कि
संगठन प्रदेश सरकार से अनुरोध करती है कि कार्यकारी अभियंता को तुरंत बहाल किया जाए
ताकि आपसी समन्वय बना रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री
चांदराम चहल ने भी सरकार से अनुरोध किया कि इस प्रकार की कार्यवाही से पहले निष्पक्षता
से जांच की जाए। बैठक को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष सुरेश लाम्बा ने कहा कि भारतीय
मजदूर संघ के आह्वान पर 25 फरवरी को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा
जाएगा। इसमें विभाग के कर्मचारी अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करेंगे। बैठक में
सुरेश लाडवा, दलबीर पूनिया, अनिल कुमार, अनिल भोजराज, विनोद कुमार, अजीत न्याणा आदि
भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर