सिरसा: विपक्ष ने महिला बिल का विरोध कर बड़ा मौका खोया: कैप्टन अभिमन्यु

 


सिरसा, 26 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि विपक्ष ने महिला बिल का विरोध कर बहुत बड़ा मौका खो दिया है और आज विपक्ष का नेतृत्व विचारहीन हो चुका है। इनका जनता के सरोकारों से कोई लेना-देना नहीं है। कैप्टन अभिमन्यु रविवार को सिरसा में आयोजित भाईचारा सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राज्यसभा के सात आम आदमी पार्टी सांसदों का पार्टी छोडऩे के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने कुकर्मों के बोझ तले दबती जा रही है।

आम आदमी का मुखौटा ओढ़ कर दिल्ली व पंजाब में सरकार बनाई, लेकिन आम आदमी नहीं, इनका रूप खास से भी खास नजर आया। पंजाब की जनता व युवा अपने आप को आज ठगा महसूस कर रहे हैं और अब आम आदमी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है। पंजाब की जनता ने अकाली दल बादल, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के सभी प्रयोग देख लिए हैं और अब आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता नया प्रयोग भाजपा के रूप में देख रही है।

उन्होंने भाईचारा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक लोगों को संतों-महापुरुषों के दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए सात्विक व स्वाभिमानी लोगों को मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा तभी चौराहे पर खड़े समाज को राजनीतिक स्वार्थों व षड्यंत्रों से बचाया जा सकेगा। प्रदेश के छत्तीस बिरादरी का जो गुलदस्ता खून पसीने से सींचा था उसमें राजनीतिक कारणों से भरोसे की कमी आई है जो देश व समाज के लिए अच्छी बात नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma