हिसार : विद्यार्थियों को वास्तविक बाजार परिस्थितियों को समझाने में सहायक होते ऑनलाइन शैक्षणिक सत्र : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
गुरु जम्भेश्वर
विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को दी गई कमोडिटी मार्केट एवं ट्रेडिंग की व्यवहारिक
जानकारी
वाणिज्य विभाग ने
‘कमोडिटी डेरिवेटिव्स मार्केट’ विषय पर किया ऑनलाइन सत्रों का आयोजन
हिसार, 25 मार्च
(हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग
की ओर से ‘कमोडिटी डेरिवेटिव्स मार्केट’ विषय पर दो ऑनलाइन सत्रों का
आयोजन किया गया। इन सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कमोडिटी बाजार, ट्रेडिंग तंत्र
तथा निवेश के आधुनिक तरीकों से अवगत कराना था। दोनों सत्रों का आयोजन वेबेक्स प्लेटफॉर्म
के माध्यम से हुआ, जिनमें इंटीग्रेटेड बीकॉम तथा एमकॉम के 250 विद्यार्थियों ने भाग
लिया।
विश्वविद्यालय के
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार काे इन ज्ञानवर्धक सत्रों के आयोजन की सराहना करते हुए
कहा कि ऐसे ऑनलाइन शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों को उद्योग से सीधे जोड़ते हैं और उन्हें
वास्तविक बाजार परिस्थितियों को समझाने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर संसाधन
व्यक्ति के रूप में उपस्थित ट्रेनिंग एंड एजुकेशन विभाग, एमसीएक्स इंडिया के वरिष्ठ
प्रबंधक नैमिश त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को कमोडिटी डेरिवेटिव्स मार्केट की विस्तृत
जानकारी दी तथा ट्रेडिंग, फ्यूचर्स एवं ऑप्शंस तथा जोखिम प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं
पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एमसीएक्स देश का अग्रणी कमोडिटी एक्सचेंज है और
इस क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। अपने 21 वर्षों के अनुभव को साझा
करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को बाजार की कार्यप्रणाली, निवेश के अवसरों तथा व्यावसायिक
कौशलों के महत्व से अवगत कराया।
वाणिज्य विभाग की
अध्यक्षा डॉ. निधि तुरान ने बताया कि इस प्रकार के सत्र विद्यार्थियों को व्यावहारिक
ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें करियर के नए आयामों से भी परिचित कराते हैं। उन्होंने
कहा कि कमोडिटी मार्केट की समझ वर्तमान समय में वित्तीय शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा
है। सत्रों के दौरान
विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की तथा विशेषज्ञ से विभिन्न प्रश्न पूछकर अपने ज्ञान
को समृद्ध किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं वित्तीय साक्षरता की दिशा
में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर