सिरसा: समाज में परिवर्तन लाने में मीडिया की भूमिका अहम: सीजेएम संतोष

 


सिरसा, 17 अगस्त (हि.स.)। सीजेएम संतोष बागोतिया ने कहा कि मीडिया आमजन की आवाज बनते हुए सशक्त समाज, राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। साथ ही आमजन को अपने अधिकारों, कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं के बारे में ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने के लिए जागरूक करते रहें, ताकि अंतिम पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति को भी योजना का लाभ मिले और उसके जीवन स्तर में व्यापक बदलाव आए।

सीजेएम संतोष बगोतिया सोमवार को सिरसा में ‘रोल ऑफ मीडिया इन सोशल अवेयरनेस’ वर्कशॉप को संबोधित कर रही थी।

उन्होंने यह भी आह्वान किया कि समाज की बेहतरी के लिए तथ्यों के साथ भयमुक्त जानकारी का प्रस्तुतीकरण करने की भी एक सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं। क्योंकि भ्रामक सूचनाएं समाज में भय और भ्रम पैदा कर सकती हैं। इसलिए निष्पक्ष, सत्य और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि आज मीडिया कानूनी अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, सामाजिक कुरीतियों और अन्य समस्याओं को सामने लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma