हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का उद्देश्य संस्कारवान युवाओं को तैयार करना : बिश्नोई

 


‘प्राथमिक चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय

कार्यशाला का आयोजन

हिसार, 21 अप्रैल (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि विश्वविद्यालय

का उद्देश्य ऐसे संस्कारवान व नैतिक युवाओं को तैयार करना है जो समाज को साथ लेकर चलें

तथा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दे सकें। गुरु जम्भेश्वर जी

महाराज के नाम पर स्थापित गुजविप्रौवि गुरु जी के जीव रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के

सिद्धांतों को अपनाते हुए हमेशा इस भाव को लेकर चलता है कि हम दूसरों के लिए किस प्रकार

उपयोगी हो सकते हैं।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई मंगलवार काे विश्वविद्यालय

की युवा रेड क्रॉस इकाई (वाईआरसी) के सौजन्य से ‘प्राथमिक चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन’ विषय पर शुरू हुई एक

दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। विश्वविद्यालय के चौधरी

रणबीर सिंह सभागार में हुई इस कार्यशाला की अध्यक्षता वाईआरसी के समन्वयक डा. महाबीर

प्रसाद ने की। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान

हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। सही समय पर मिली प्राथमिक चिकित्सा किसी के जीवन को बदल

सकती है। रेड क्राॅस संस्थाएं दुनिया भर में मानवता की मिसाल हैं। आपदा प्रबंधन भी

इसी सोच का विस्तार है। किसी भी परिस्थिति में हमें डटे रहना है।

डा. महाबीर प्रसाद ने अपने स्वागत सम्बोधन में

विश्वविद्यालय की वाईआरसी की गतिविधियों के बारे में प्रस्तुति दी तथा बताया कि थोड़े

से समय में ही गुजविप्रौवि की वाईआरसी टीम ने देशभर में अपनी विशेष पहचान बनाई है।

राज्य स्तर पर वाईआरसी टीम ने गौरवपूर्ण उपलिब्धियां हासिल करके गुरु जम्भेश्वर जी

महाराज के मूल सिद्धांतों को प्रेषित किया है। कार्यशाला में रेड

क्रॉस के राज्य प्रशिक्षण अधिकारी सेवानिवृत आरपी सैनी, जिला प्रशिक्षण अधिकारी विनोद

कुमारी, फील्ड कोर्डिनेटर डा. सुरेन्द्र श्योराण तथा अन्य प्रशिक्षकों व संयोजकों द्वारा

प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक

प्रशिक्षण दिए गए। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों ने भाग

लिया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर