हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय व आधार हेल्थ इंस्टीट्यूट के बीच एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

 


स्वास्थ्य एवं संबद्ध विज्ञान के विद्यार्थियों को मिलेगा छह माह की सवैतनिक

इंटर्नशिप का अवसर

हिसार, 08 अगस्त (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय एवं आधार हेल्थ इंस्टीट्यूट के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू)

पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस एमओयू के माध्यम से विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य एवं संबद्ध

विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए छह माह की सवैतनिक इंटर्नशिप प्रारंभ की जाएगी। यह

पहल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण क्लीनिकल प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव तथा रोजगारोन्मुखी

कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई व आधार

हेल्थ इंस्टीट्यूट की ओर से निदेशक डॉ. विक्रम जैन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमओयू

के साक्षियों के रूप में विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. विजय कुमार तथा डीन इंटरनेशनल

अफेयर्स प्रो. ओपी सांगवान ने हस्ताक्षर किए, जबकि आधार हेल्थ इंस्टीट्यूट की ओर से

हेड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. उमेश कुमार ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शनिवार काे कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020

विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अनुभवात्मक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल

देती है। विश्वविद्यालय इसी दृष्टिकोण के अनुरूप उद्योगों, अस्पतालों एवं प्रतिष्ठित

संस्थानों के साथ निरंतर सहयोग स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आधार हेल्थ इंस्टीट्यूट

के साथ यह एमओयू विद्यार्थियों को वास्तविक चिकित्सकीय वातावरण में सीखने एवं कार्य

करने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे उनके व्यावसायिक कौशल, आत्मविश्वास तथा रोजगार की

संभावनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि इंटर्नशिप कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शैक्षणिक

कैलेंडर के अनुरूप संचालित किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों का चयन पूर्ण पारदर्शिता

के साथ किया जाएगा तथा विश्वविद्यालय उनकी शैक्षणिक निगरानी एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित

करेगा।

डीन इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. ओपी सांगवान ने कहा कि वर्तमान समय में अनुभवात्मक

अधिगम उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। इस प्रकार की सवैतनिक इंटर्नशिप

विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल प्रबंधन तथा पेशेवर कार्य संस्कृति

का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग विद्यार्थियों की व्यावसायिक

दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा

के लिए भी तैयार करेंगे।

एमओयू के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को छह माह की इंटर्नशिप के दौरान 8 हजार

रुपये प्रति माह स्टाइफंड प्रदान किया जाएगा, जिसे समय-समय पर समीक्षा के आधार पर बढ़ाया

जा सकेगा। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को आधार हेल्थ इंस्टीट्यूट के अनुभवी चिकित्सकों,

विभागाध्यक्षों एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त होगा।

एमओयू के अंतर्गत प्रारंभिक रूप से 83 इंटर्नशिप सीटें निर्धारित की गई हैं।

इनमें बीएससी/जीएनएम नर्सिंग के लिए 30, एमएचए/एमबीए के लिए 15, फिजियोथेरेपी एवं ऑपरेशन

थिएटर टेक्नोलॉजी के लिए 10-10, फार्मेसी के लिए 5, मनोविज्ञान के लिए 4, रेडियोलॉजी

के लिए 3 तथा रेडियोथेरेपी, डायटेटिक्स एवं बायोमेडिकल इंजीनियरिंग के लिए 2-2 सीटें

निर्धारित की गई हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में सीटों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी। इस अवसर पर प्रो. सुमित्रा सिंह, प्रो. जगप्रीत कौर, डॉ. प्रियंका, आधार हेल्थ

इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि

भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर