सिरसा: हरियाणा व राजस्थान पुलिस ने साढ़े चार करोड़ रुपये की अफीम पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा व राजस्थान पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से एक ट्रक से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की अफीम बरामद की है। नशे की खेप को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी क्षेत्र से लाया जा रहा था और इसे राजस्थान के जोधपुर में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर अफीम व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार ट्रक सीमेंट से लदा हुआ था। ट्रक के नीचे गुप्त बॉक्स बनाए गए थे जिसमें अफीम छुपाई गई थी।
डीएसपी राज सिंह ने बुधवार को बताया कि सिरसा पुलिस और राजस्थान पुलिस की टीम एनएच-9 स्थित टोल प्लाजा के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान फतेहाबाद की ओर से आ रहे ट्रक को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे काबू कर लिया। ट्रक की तलाशी ली गई। गहन जांच के दौरान ट्रक के नीचे लोहे की एंगल से विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त बॉक्स मिले। इन बॉक्सों में 95 पैकेटों में छिपाकर रखी गई 88 किलो 970 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला पानी निवासी किशना राम के रूप में हुई है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीएसपी राज सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना डिंग में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अफीम की यह खेप पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी क्षेत्र से लेकर आया था और इसे राजस्थान के जोधपुर में सप्लाई किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma