पानीपत में 452 ग्राम अफीम सहित यूपी निवासी नशा तस्कर गिरफ्तार

 


पानीपत, 30 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने हरिद्वार बाइपास पर सनौली पुल के नीचे यूपी निवासी एक नशा तस्कर को 452 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी मुर्तजा के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि एक टीम गश्त के दौरान सनौली रिछपुर चौक पर थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक हरिद्वार बाइपास स्थित सनौली पुल के नीचे किसी के इंतजार में खड़ा है। युवक के पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहा खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर बाइक को स्टार्ट करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही काबू किया। पूछताछ में युवक नेअपनी पहचान सहारनपुर निवासी मुर्तजा के रूप में बताई।

पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसकी पेंट की जेब से प्लास्टिक पन्नी में लिपटी 452 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए करीब एक महीना पहले अपने गांव निवासी एक युवक से 455 ग्राम अफीम कम कीमत पर खरीदी थी। इसमें से 3 ग्राम अफीम का उसने सेवन कर लिया। बची 452 ग्राम अफीम को लेकर बाइक पर सवार होकर यूपी से पानीपत आसपास के क्षेत्र में बेचने के लिए आया था और पानीपत हरिद्वार बाइपास स्थित सनौली पुल के नीचे ग्राहक की फिराक में खड़ा था। पुलिस ने अफीम को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा