हिसार : रिटायर्ड कर्मचारी महासंघ भी आंदोलन में कूदा, सांझा संघर्ष समिति को दिया खुला समर्थन
9 जुलाई को जीएम घेराव और 10–11 जुलाई की हड़ताल का फैसला अटल, तैयारियां जोरों
पर
हिसार, 08 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो में कर्मचारियों के लंबित
वित्तीय लाभों को लेकर चल रहा आंदोलन अब और व्यापक होता जा रहा है। आंदोलन के चलते बुधवार को हरियाणा रोडवेज रिटायर्ड कर्मचारी महासंघ ने भी आंदोलनरत सांझा संघर्ष
समिति के समर्थन में खुलकर मैदान में उतरते हुए महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया।
महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कर्मचारियों और पेंशनरों
की लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 9 जुलाई को महाप्रबंधक कार्यालय के घेराव और
10–11 जुलाई की प्रस्तावित हड़ताल में सेवानिवृत्त कर्मचारी भी पूरी ताकत के साथ भाग
लेंगे।
महासंघ की ओर से बलबीर देशवाल की अध्यक्षता में आयोजित घेराव के दौरान सेवानिवृत्त
कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित वित्तीय लाभ, मेडिकल भत्ता, महंगाई भत्ता (डीए),
रात्रि ठहराव भत्ता सहित अन्य देयकों का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन
के दौरान राजपाल नैन, एमएल सहगल, नरेश गोयल, राजबीर सिंधू, महेंद्र स्याहड़वा, विजय
सिवाच, रूप सिंह बोस व रघबीर बड़सी ने कर्मचारियों को संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने वैध अधिकारों के लिए बार-बार
आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ रहा है, जो प्रशासन की उदासीन कार्यप्रणाली
को दर्शाता है। घेराव के बाद रिटायर्ड कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी हरियाणा रोडवेज हिसार
में महाप्रबंधक के खिलाफ पिछले कई दिनों से चल रहे सांझा संघर्ष समिति के धरना स्थल
पर पहुंचे और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। महासंघ के नेताओं ने कहा
कि यह लड़ाई केवल वर्तमान कर्मचारियों की नहीं, बल्कि पूरे कर्मचारी वर्ग के सम्मान
और अधिकारों की लड़ाई है। यदि प्रशासन ने समय रहते समाधान नहीं किया तो रिटायर्ड कर्मचारी
भी आंदोलन की हर रणनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर