बीडीपीओ की विभागीय परीक्षा में सिर्फ तीन अधिकारी हुए पास
चंडीगढ़, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) की विभागीय पदोन्नति परीक्षा में सिर्फ तीन अधिकारी पास हो सके हैं। कुल 64 अधिकारियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 29 ने पेपर ही नहीं दिया। इस तरह कुल 35 अधिकारियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 32 फेल हो गए।
पिछले साल 15 से 29 दिसंबर तक यह परीक्षा हुई थी, जिसका परिणाम अब घोषित किया गया है। पहला पेपर विकास और योजना, दूसरा पेपर विकास योजनाएं और तीसरा पेपर बजट और खाता का था। 100-100 अंकों के तीनों पेपर में पास होने के लिए 50 अंक चाहिये थे। चौथा और अंतिम पेपर वैधानिक अधिनियम और नियम का था, जिसमें पास होने के लिए 75 अंक लेने अनिवार्य थे।
विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) को सभी अधिकारियों का परीक्षा परिणाम उनकी सर्विस बुक में दर्ज करने और मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। अनुत्तीर्ण रहे अधिकारियों को पदोन्नति के लिए फिर से आगामी परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा