पानीपत: सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो घायल

 


पानीपत, 18 जुलाई (हि.स.)। पानीपत में पुलिस लाइन के पास जीटी रोड पर देर रात एक वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को तेज गति से आ रहे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है, जो पानीपत की सुमित इंडस्ट्री में पिछले काफी समय से काम करता था।

शुक्रवार रात जब अमित अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर गांव सिवाह जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक पुलिस लाइन के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोटें आने के कारण अमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर बैठे उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा