हांसी में महिलाओं पर पलटा पानी का टैंकर, एक की मौत, दूसरी घायल
परिजनों का आरोप- नाबालिग चला रहा था टैंकर
हांसी, 07 जून (हि.स.)। खेड़ी चौपटा गांव में हुए सड़क हादसे में एक महिला
की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। खेत से लकड़ी लेने जा रही दोनों
महिलाओं पर पानी का टैंकर पलटने से यह हादसा हुआ।
मृतका की पहचान खेड़ी जालब निवासी 45 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है। पति की
मौत के बाद सरोज मायके में अपनी मां के साथ रह रही थी। उनका एक बेटा है जो रंग-रोगन
का काम करता है। हादसे में घायल 40 वर्षीय संध्या का हांसी के सामान्य अस्पताल में
इलाज चल रहा है।
यह हादसा रविवार सुबह खेड़ी चौपटा से बरवाला राजकीय विद्यालय के पास हुआ। दोनों
महिलाएं लकड़ी लेने जा रही थीं, तभी पानी का टैंकर अनियंत्रित होकर उन पर पलट गया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पानी का टैंकर एक नाबालिग चला रहा था। टैंकर
का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश है। सूचना मिलते
ही खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम
के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर
चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप मामले की जांच
आरंभ कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर