हांसी की पराली जलाने के मामले घटे, 45 से घटकर एक रह गई घटना
हरसेक से मिले छह मामलों में पांच निकले गलत
एसीएस डॉ. जे. गणेशन ने डीसी राहुल नरवाल के प्रयासों
और विभागीय समन्वय को सराहा
हांसी, 17 नवंबर (हि.स.)। पराली जलाने की घटनाओं
पर अंकुश लगाने में हांसी जिले को बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले खरीफ सीजन में जिले
में पराली जलाने के 45 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष हरसेक से रिपोर्ट हुए छह मामलों
की जांच में केवल एक घटना की ही पुष्टि हुई। पराली प्रबंधन के लिए किए गए प्रयासों
और विभागों के बेहतर समन्वय पर अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिला प्रशासनिक सचिव डॉ. जे.
गणेशन ने उपायुक्त राहुल नरवाल की सराहना की।
डॉ. जे. गणेशन मंगलवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों
की बैठक लेकर फसल अवशेष प्रबंधन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं तथा धान खरीद और उठान व्यवस्था
की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकना प्रशासन की
प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए कृषि, राजस्व, पंचायत सहित सभी संबंधित विभाग आपसी
तालमेल से खेतों की निगरानी करें और किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के
प्रति जागरूक करें।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि डीसी राहुल नरवाल
के मार्गदर्शन में गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को पराली नहीं जलाने के
लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि यंत्रों और प्रोत्साहन
सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है। डॉ. गणेशन ने इस कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते
हुए कहा कि इसी गंभीरता से प्रयास जारी रखे जाएं, ताकि जिले में पराली जलाने की घटनाओं
पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
एसीएस ने धान खरीद और मंडियों से फसल उठान की
समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार
की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए और खरीदी गई फसल का उठान
तेजी से करवाया जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने
खरीद एजेंसियों को आपसी तालमेल से काम करने और उठान की नियमित निगरानी करने के निर्देश
दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर