हांसी : गाड़ी के नीचे आने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत

 

खांडाखेड़ी गांव में ईंट भट्ठे पर काम करता है

परिवार

हांसी, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नारनौंद थाना

क्षेत्र के गांव खांडा में आरओ पानी के कैंपर सप्लाई करने वाली गाड़ी के नीचे आने से

लगभग डेढ़ साल की बच्ची मौत हो गई। बच्ची ईंट भट्टे पर खेल रही थी कि अचानक गाड़ी के

नीचे आ गई।

बच्ची की मां सरिता देवी ने बताया कि वह उत्तर

प्रदेश के शाहजहांपुर के पौवायां क्षेत्र की रहने वाली हैं। कुछ महीने पहले ही वह परिवार

सहित गांव खांडा के पास स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करने आई थीं। शुक्रवार सुबह उसकी

17 माह की बेटी कवित्रा भट्टे पर खेल रही थी। इसी दौरान वहां पानी के कैंपर की गाड़ी

आई। जैसे ही गाड़ी चालक ने वाहन आगे बढ़ाया, बच्ची खेलते-खेलते गाड़ी के नीचे आ गई।

गाड़ी के टायरों के नीचे आने से बच्ची गंभीर

रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर इकट्ठा हुए। परिजन तुरंत बच्ची को

नारनौंद के सामान्य अस्पताल ले गए, जहां से उसे हांसी के सामान्य अस्पताल रेफर किया

गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मां सरिता ने बताया कि

कवित्रा के पिता का निधन करीब 17 महीने पहले ही हो चुका था। इस हादसे के बाद सरिता

देवी के पास अब केवल एक बड़ी बेटी ही बची है। जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि

परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर