मिशन ओलंपिक-2036 ‘विजयी भव:’ से होगी दस वर्ष तक के स्कूली बच्चों की प्रतिभा पहचान
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन स्पोर्ट’ बना प्रतिभा खोज का जरिया
चंडीगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा ने वर्ष 2036 में होने वाले ओलंपिक की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने ‘मिशन ओलंपिक 2036- विजयी भव:’ कार्यक्रम के तहत 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को तराशने के लिए प्रतिभा पहचान कार्यक्रम शुरू किया है। साथ ही, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन स्पोर्ट’ पहल के तहत जिला स्तर पर प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा, ताकि अंबाला से नूंह तक हर जिले की प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए खेल, प्रारंभिक बाल शिक्षा, पोषण और उच्च शिक्षा से संबंधित राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अनुराग रस्तोगी ने कहा कि राज्य की प्रगति का पैमाना पारदर्शी, तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित प्रशासन है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी ने बताया कि राज्य ने आंगनवाड़ी केंद्रों को जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए गुणवत्तापरक प्रारंभिक शिक्षा केंद्रों में बदलने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेशभर में 4,000 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में प्री-स्कूल शिक्षा किट, शैक्षणिक खिलौने, फर्नीचर, स्वच्छता सामग्री और आरओ पेयजल सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। इसके अलावा, 21,962 अतिरिक्त केंद्रों को विशेष रूप से तैयार शैक्षणिक किट उपलब्ध कराई गई हैं। 88 राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के सहयोग से सभी 22 जिलों में प्रशिक्षित 25,000 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिदिन लाखों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। ‘खेल-खेल में सीखना’ और ‘स्वच्छता एवं अच्छी आदतें’ विषयों पर आयोजित मासिक ईसीसीई दिवसों में हर माह 22,800 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1.5 लाख से अधिक अभिभावक भाग लेते हैं। इससे सामुदायिक भागीदारी को भी मजबूती मिल रही है।
3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 1,050 से अधिक अभिभावक-शिक्षक बैठकें आयोजित की गई हैं, जबकि 0 से 3 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 450 पीटीएम और 200 होम विजिट कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कई जिलों में लगभग 15,000 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाणपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष जिलों में यह काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा